ट्रेन में एक फौजी की शर्मसार हरकत!

by TrendingNews Desk
रेलवे

पटना : एक फौजी की करतूत ने समाज को शर्मसार करने का काम किया है। इस फौजी ने ट्रेन में ना सिर्फ एक शादीशुदा महिला से छेड़खानी की बल्कि उसके पति के साथ मारपीट भी की। इस मामले में आरोपी फौजी को पटना में रेल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पूर्वा एक्सप्रेस में अपने पति के साथ सफर कर रही महिला के साथ झाझा-मोकामा के बीच चलती ट्रेन में इस फौजी ने छेड़खानी की। महिला के विरोध करने पर फौजी ने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं महिला के पति ने जब इसका विरोध किया तो फौजी उनके पति से भी उलझ गया।

ट्रेन में सफर कर रहे दूसरे यात्रियों ने तत्काल इस बात की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही दल-बल के साथ पुलिस पटना जंक्शन पर पहुंच गई। ट्रेन के पटना जंक्शन पर आते ही पुलिस ने एसी कोच से फौजी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि रमन मूल रूप से पंजाब के रोपड़ जिला के मोरिंडा का रहने वाला है। वह फिलहाल लान्स नायक पद पर बंगाल के पानागढ़ में पदस्थापित है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।